5 जनवरी 2019 - 16:07
पनडुब्बी निर्माण के क्षेत्र में ईरान की बड़ी सफलता, ईरानी नौसेना दुनिया की गिनी-चुनी नौसेनाओं में शामिल

ईरान के इस्लामी क्रांति संरक्षक बल की नौसेना के कमांडर का कहना है कि नौसेना ने पनडुब्बी बनाने में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसका प्रदर्शन आगामी सैन्य अभ्यास के दौरान किया जाएगा।

आईआरजीसी की नौसेना के कमांडर जनरल अली रज़ा तंगसीरी ने कहा, ईरानी सेना हर प्रकार के ख़तरे का मुक़ाबला करने के लिए तैयार है।

जनरल तंगसीरी का कहना था कि हम पूर्ण रूप से अलर्ट हैं और क्षेत्र में मौजूद विदेशी सैनिकों की हर हरकत पर हमारी पैनी नज़र है।

जब उनसे पनडुब्बियों के क्षेत्र में ईरान की प्रगति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, इन्शाल्लाह आईआरजीसी की नौसेना के आगामी सैन्य अभ्यास में इन उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

ग़ौरतलब है कि पिछले 40 वर्षों के दौरान ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका और पश्चिमी देशों के विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधों के बावजूद, तेहरान ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय है प्रगति की है।

रक्षा क्षेत्र में ईरान अब उन देशों में शामिल हो गया है, जिनके पास विश्व स्तर की एक शक्तिशाली सेना होने के साथ ही आधुनिक सैन्य उपकरण और हथियार मौजूद हैं, जो ख़ुद देश के भीतर तैयार किए जाते हैं।

ईरान युद्धक और ड्रोन विमानों का निर्माण कर रहा है तो वहीं सेटेलाइट अंतरिक्ष में भेजने के साथ ही बैलिस्टिक मिसाइलों का भी सफल परीक्षण कर रहा है।

अब पनडुब्बी के निर्माण ने ईरान को दुनिया के उन गिने-चुने देशों की पंक्ति में ला खड़ा किया है, जिनके पास समुद्र के पानियों के भीतर कार्यवाही की क्षमता है।

जनरल तंगसीरी का इस संदर्भ में कहना था कि ईरान की नौसेना दिन प्रतिदिन शक्तिशाली हो रही है और युद्धपोतों, मिसाइल, ड्रोन और पनडुब्बी के क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है।